एड्स जागरूकता के लिए देहरादून में दौड़े युवा, ‘रेड रन’ मैराथन से दिया स्वास्थ्य और समानता का संदेश
उत्तराखण्ड राज्य एड्स नियंत्रण समिति और खेल विभाग का संयुक्त आयोजन, स्पोर्ट्स कॉलेज के अमरदीप और तनुशी चौहान बने विजेता

देहरादून: उत्तराखण्ड राज्य एड्स नियंत्रण समिति, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज तथा खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को एचआईवी/एड्स नियंत्रण और जागरूकता के उद्देश्य से राज्य स्तरीय ‘रेड रन’ मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सुबह 7 बजे झंडी दिखाकर रवाना की गई इस मैराथन में 17 से 25 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं ने भारी उत्साह के साथ भाग लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए उत्तराखण्ड राज्य एड्स नियंत्रण समिति के संयुक्त निदेशक (बेसिक सर्विस अनुभाग) डॉ. अमित शुक्ला ने कहा कि एचआईवी/एड्स की रोकथाम के लिए जागरूकता ही सबसे प्रभावी माध्यम है। युवाओं को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव और उपचार के संबंध में सही जानकारी प्राप्त कर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि उन्हें समाज में सम्मान और सहयोग मिलना चाहिए। उन्होंने प्रतिभागियों से ‘सही जानकारी अपनाएं, भेदभाव मिटाएं और एचआईवी/एड्स की रोकथाम में भागीदार बनें’ की अपील की।
यह ‘रेड रन’ मैराथन यामाहा शोरूम के निकट पेट्रोल पंप से प्रारंभ होकर कैनाल रोड, एनआईईपीवीडी, बाला सुंदरी मंदिर, स्कॉलर होम बैक गेट, इंदरबाबा मार्ग एवं पॉलिटेक्निक होते हुए पुनः यामाहा शोरूम पर आकर समाप्त हुई।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के अमरदीप, फैजान और मुकेश ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में भी स्पोर्ट्स कॉलेज का ही दबदबा रहा, जिसमें तनुशी चौहान, रितिका रावत एवं सोनाली डोडियाल ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया। आयोजकों की ओर से प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को क्रमशः 10 हजार, 7,500 तथा 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
मैराथन में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज की ओर से फुटबॉल प्रशिक्षक पंकज भट्ट, हॉकी प्रशिक्षक पंकज रावत, क्रिकेट प्रशिक्षक हरप्रीत सिंह, पंकज पोखरियाल, उमेश सिंह गढ़िया एवं करन प्रजापति सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भी प्रतिभाग किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापित करते हुए वित्त उप निदेशक महेंद्र कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ एचआईवी/एड्स से बचाव और जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।