मुख्यमंत्री आवास पर आज सजेगी इगास बग्वाल की रौनक, सीएम धामी करेंगे शिरकत

देहरादून। उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व इगास बग्वाल को लेकर प्रदेशभर में उत्साह का माहौल है। इसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री आवास पर भी इगास बग्वाल का पर्व धूमधाम और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शाम 6 बजे से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश की लोकसंस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में राजनेताओं, पत्रकारों, भाजपा कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
इगास बग्वाल उत्तराखंड की समृद्ध लोकपरंपरा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इस पर्व पर भैलो खेलने, पारंपरिक गीत-संगीत और सामूहिक उत्सव की विशेष परंपरा रही है। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित यह कार्यक्रम प्रदेश की लोकसंस्कृति को बढ़ावा देने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का एक अवसर भी बनेगा। पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।