
विरुधुनगर जिले में स्थित एक पटाखा निर्माण में हुए भीषण विस्फोट ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। इस घटना में अब तक 23 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 6 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रविवार को फैक्ट्री बंद रहने के बावजूद वहां काम चल रहा था।
घटना के बाद प्रशासन ने कार्रवाई तेज करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की हैं। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि फैक्ट्री नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से संचालित की जा रही थी। हादसे के असली कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
मृतकों में बड़ी संख्या महिलाओं की है। जिला कलेक्टर डॉ. एन.ओ. सुखपुत्रा के अनुसार, 23 मृतकों में से 19 की पहचान हो चुकी है, जिनमें 16 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। वहीं, 6 घायलों को आईसीयू में रखा गया है।राहत और बचाव अभियान के दौरान एक और विस्फोट हुआ, जिसमें पुलिस, दमकल कर्मियों, राजस्व विभाग के कर्मचारियों सहित करीब 13 लोग घायल हो गए। हालांकि, इनमें से किसी की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है और सभी का इलाज जारी है।
यह हादसा कट्टनारपट्टी इलाके की एक क्रैकर यूनिट में हुआ, जिसकी चपेट में आकर चार अन्य इकाइयां भी प्रभावित हो गईं। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।फिलहाल मौके पर दमकल विभाग, पुलिस और बचाव दल लगातार मलबा हटाने और फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।