उत्तराखंड BJP की बड़ी बैठक आज: जेपी नड्डा की मौजूदगी में तैयार होगा 2027 का रोडमैप.

उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए आज का दिन बेहद अहम है। कई सालों बाद आज (शनिवार) पार्टी की कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट के पास स्थित होटल पद्मिनी में दोपहर 1 बजे यह बैठक शुरू होगी, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट करेंगे। बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।

पहली बार बिना प्रभारी के बैठक? इस बैठक का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि यह संभवतः पहली बार है जब कोर ग्रुप की बैठक बिना प्रदेश प्रभारी की मौजूदगी के बुलाई गई है। खबर लिखे जाने तक प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और सह-प्रभारी के इस बैठक में शामिल होने की कोई सूचना नहीं है। यह सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
कौन शामिल, कौन बाहर? बैठक में केवल 17 चुनिंदा लोगों को ही बुलाया गया है:
-
शामिल होंगे: जेपी नड्डा, सीएम पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, संगठन महामंत्री, तीन प्रदेश महामंत्री, 5 लोकसभा सांसद, 3 राज्यसभा सांसद, और मंत्री सतपाल महाराज व धन सिंह रावत।
-
नहीं बुलाया गया: पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक को छोड़कर अन्य किसी पूर्व सीएम को नहीं बुलाया गया है। साथ ही, सतपाल महाराज और धन सिंह रावत के अलावा अन्य कैबिनेट मंत्रियों को भी आमंत्रित नहीं किया गया है।
एजेंडा: 2027 का चुनाव और विधायकों की रिपोर्ट कार्ड सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक के मुख्य एजेंडे में दो बड़ी बातें शामिल हैं:
-
इंटरनल सर्वे: पार्टी ने हाल ही में एक आंतरिक सर्वे कराया है, जिसमें कई विधायकों की परफॉर्मेंस बेहद खराब पाई गई है। इस रिपोर्ट पर गंभीर चर्चा हो सकती है।
-
2027 की रणनीति: आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तय करने और लंबे समय से लटके दायित्वों (पार्टी पदों) के वितरण पर भी मंथन किया जाएगा।