आपदा से निपटने के लिए नगर निगम कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण, जनजागरूकता और त्वरित प्रतिक्रिया पर जोर

देहरादून। उत्तराखंड शासन द्वारा 25 से 28 नवंबर तक मनाए जा रहे आपदा प्रबंधन दिवस के अंतर्गत नगर निगम देहरादून में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर निगम कार्यालय के सभागार में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया, आपसी समन्वय और प्रभावी प्रबंधन को मजबूत करना रहा।

प्रशिक्षण में मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए आपदा के दौरान सतर्कता, तैयारी और सामूहिक जिम्मेदारी के महत्व पर जोर दिया। इसमें नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक, सफाई निरीक्षक, सुपरवाइजर तथा प्रत्येक वार्ड से पर्यावरण मित्रों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण के दौरान शीतलहर, भूकंप, आकाशीय बिजली, अचानक बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न आपदाओं के दौरान क्या करें और क्या न करें, इस संबंध में विस्तार से बताया गया। प्रतिभागियों को आपदा की पूर्व चेतावनी और मौसम संबंधी अलर्ट प्राप्त करने के लिए भूदेव (BhuDev) एवं सचेत (Sachet) मोबाइल ऐप के उपयोग की जानकारी भी दी गई।
नगर निगम कर्मियों से अपेक्षा की गई कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को अपने-अपने वार्डों में आमजन तक पहुंचाएं और आपदा की स्थिति में संबंधित प्रशासनिक इकाइयों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करें

नगर निगम देहरादून ने आमजन से अपील की है कि मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें, अफवाहों से बचें और किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क करें।
