डीग जिले के बृज नगर में प्रधान पद के लिए एक ही महिला प्रत्याशी ने कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय तीननामांकन भरे,

आखिर में भाजपा के सिंबल के चलते निर्विरोध भाजपा की प्रधान बन गई राजस्थान के डीग जिले की बृजनगर पंचायत समिति के प्रधान चुनाव में महिला प्रत्याशी बती देवी ने सबकी बती गुल कर दी। निर्दलीय जीतकर भी बती देवी बृज नगर से भाजपा की नई प्रधान बन गई हैं। उसने घूंघट की आड़ में ऐसा खेल कर दिया कि पूरा राजस्थान देखता रहा गया। बती देवी ने प्रधान पद के लिए एक नहीं दो नहीं तीन-तीन नामांकन दाखिल किए थे। चौंकाने वाली बात यह है कि उसने पहले निर्दलीय नामांकन किया, फिर कांग्रेस से और आखिर में भाजपा से नामांकन दाखिल किया। घूंघट की आड लेकर तीन-तीन बार एक ही महिला नामांकन पत्र लेकर रिटर्निंग अधिकारी के सामने पहुंच गई। उसके साथ हर बार अलग-अलग नेता दिखे। कपड़े भी अलग-अलग पहने हुए थे। रिटर्निंग अधिकारी ने नामांकन स्वीकार कर लिए, जब नाम पढ़े तो हक्के-बक्के रह गए। एक ही प्रत्याशी ने ड्रेस बदल-बदलकर (कभी साड़ी पहनकर में तो कभी सलवार) नामांकन दाखिल कर दिए। इस दौरान एक बार साड़ी में कांग्रेस के नेता पूर्व विधायक वाजिब अली के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंची। रिटर्निंग अधिकारी ने घूंघट हटाने को कहा तो थोड़ा से हटाया, पर चेहरा नहीं दिखा। दूसरी बार वही महिला सलवार कुर्ता पहन कर चुन्नी का घूंघट बनाए भाजपा नेता और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के साथ नामांकन भरने पहुंची। घूंघट नहीं हटाया। इतना ही नहीं बती देवी ने निर्दलीय के तौर पर तीसरा नामांकन भी दाखिल कर रखा था। एक ही प्रत्याशी होने के बावजूद यहां तीन नामांकन होने के कारण प्रधान का चुनाव पूरे राजस्थान में अनूठा उदाहरण बन गया। बती देवी भाजपा से जीत गई।
बती देवी का खेल: कांग्रेस-भाजपा-निर्दलीय तीन नामांकन
डीग जिले की बृजनगर पंचायत समिति के प्रधान चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारी दुर्गालाल मीणा के समक्ष तीन नामांकन आए। इनमें बती देवी कांग्रेस से, बती देवी भाजपा से और बती देवी निर्दलीय के तौर पर नामांकन आए। तीनों नामांकन सही पाए गए, ऐसे में निर्वाचन अधिकारी ने नामांकन पत्रों की सूची में तीन बार नाम लिखकर प्रत्याशी सूची जारी कर दी। इसमें तीनों जगह बत्ती देवी का नाम लिखा है, बस दल वाले कॉलम में एक नंबर पर कांग्रेस, दो नंबर पर भाजपा और तीन नंबर पर निर्दलीय लिखा था।
बती देवी बनी भाजपा प्रधान, फोटो-वीडियो वायरल
बती देवी के नामांकन दाखिल करते हुए दो वीडियो वायरल हुए थे। एक वीडियो में बती देवी वाजिब अली के साथ पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। इसके बाद वही महिला गृह राज्य मंत्री जवाहर बेढ़म के साथ पहुंची और भाजपा से नामांकन दाखिल कर दिया। बती देवी ने भाजपा से जीत दर्ज की है। इसके बाद जवाहर बेढ़म के खेमें में उत्साह दिख रहा है।