देहरादून। राजधानी देहरादून से बड़ी खबर सामने आ रही है। नारी निकेतन में रह रही एक संवासिनी ने सीढ़ियों की रेलिंग से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान ममता के रूप में हुई है, जो पिछले छह महीनों से नारी निकेतन में रह रही थी। शुक्रवार सुबह जब स्टाफ ने उसे देखा तो वह सीढ़ियों की रेलिंग से चुन्नी के फंदे पर लटकी मिली। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद महिला को एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और उसका उपचार चल रहा था। नारी निकेतन प्रशासन के अनुसार, उसकी हालत में सुधार भी हो रहा था। हाल ही में उसने अपने पति और घर का पता भी बताया था, जिसके बाद परिवार से संपर्क कर उसे घर भेजने की तैयारी की जा रही थी।
ममता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले की रहने वाली थी और उसके पांच बच्चे हैं, जो गांव में रहते हैं। उसे छह महीने पहले हल्द्वानी में घूमते हुए रेस्क्यू कर देहरादून लाया गया था।
मामले में एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है और मृत्यु के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही पंचायतनामा की कार्रवाई भी जारी है।
पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।