कोटद्वार में भीषण सड़क हादसा: खाई में गिरी यात्रियों से भरी कार, सात की मौत और पांच घायल

कोटद्वार: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। कोटद्वार क्षेत्र में यात्रियों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, वाहन रिखणीखाल से भंगलवाड़ गांव की ओर जा रहा था। गांव पहुंचने से पहले ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में चालक समेत कुल 12 लोग सवार थे। हादसे में वाहन चालक अनिल देवराड़ा सहित सात लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं।
बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई थीं। महिलाएं दीदी-भुलि योजना के फॉर्म भरने के लिए रिखणीखाल गई थीं। वहां से वापस लौटते समय रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में सहयोग किया। पुलिस और बचाव दल की टीम खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकालने में जुटी रही। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।