Uttrakhandहल्द्वानी

उत्तराखंड के गांवों से पुराने मोबाइल नेपाल-कंबोडिया क्यों भेजे जा रहे? साइबर ठगी के नेटवर्क की आशंका, पुलिस अलर्ट

हल्द्वानी: उत्तराखंड के सीमावर्ती गांवों में पुराने मोबाइल फोन खरीदने के नाम पर घूम रहे संदिग्ध लोगों ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। गांवों में लोगों से पुराने फोन नकद रकम, नए बर्तन या सस्ते मोबाइल के बदले खरीदे जा रहे हैं। साइबर पुलिस को आशंका है कि इन मोबाइलों को नेपाल, बांग्लादेश और कंबोडिया जैसे देशों में भेजकर अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी के नेटवर्क में इस्तेमाल किया जा सकता है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है।

पुराने मोबाइल खरीदने के पीछे क्या है खेल?

साइबर विशेषज्ञ बीएल कुशवाहा के मुताबिक, कुछ लोग गांव-गांव घूमकर पुराने मोबाइल खरीद रहे हैं। आशंका है कि इन फोन के मदरबोर्ड और मेमोरी चिप से पुराना डेटा निकालकर उसका इस्तेमाल साइबर अपराध में किया जा सकता है। मोबाइल में मौजूद संपर्क नंबर, फोटो, चैट और अन्य निजी जानकारियां अपराधियों के हाथ लगने का खतरा है।

इन जिलों में पुलिस की निगरानी

नेपाल सीमा से सटे पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों में पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों के मुताबिक, ऐसे लोगों की गतिविधियों की जानकारी हल्द्वानी तक भी सामने आई है। पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही पर नजर रख रही है।

पुराने फोन के बदले कहीं बर्तन तो कहीं नया मोबाइल

गौलापार में हाल ही में ऐसे दो मामले सामने आए हैं, जहां कुछ लोग पुराने फोन के बदले नया चाइनीज मोबाइल देने का लालच दे रहे हैं। वहीं, कुंवरपुर और गौलापार में पुराने फोन के बदले नए बर्तन देने की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि महिलाओं को खासतौर पर निशाना बनाया जा रहा है।

डिलीट डेटा भी हो सकता है खतरनाक

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, मोबाइल को बिना सुरक्षित तरीके से डेटा मिटाए बेचने पर निजी जानकारियों के दुरुपयोग का खतरा रहता है। तकनीकी तरीकों से डिलीट किए गए डेटा को रिकवर करने की कोशिश की जा सकती है। इसमें फोटो, कॉन्टैक्ट, चैट और अन्य संवेदनशील जानकारियां शामिल हो सकती हैं। मोबाइल के आईएमईआई नंबर और हार्डवेयर के दुरुपयोग की आशंका भी जताई जा रही है।

आईजी ने दिए निगरानी के निर्देश

कुमाऊं रेंज की आईजी निवेदिता कुकरेती ने सभी जिलों के पुलिस कप्तानों को संदिग्ध मोबाइल खरीदने वाले गिरोह पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में ऐसी गतिविधियां देखी जा रही हैं और पुलिस को सतर्कता बढ़ाने को कहा गया है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान व्यक्तियों को पुराने मोबाइल न बेचें। फिलहाल जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि पुराने मोबाइलों की खरीद-फरोख्त के पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है और इसका साइबर ठगी से कितना संबंध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!