देहरादून: राजधानी देहरादून में हुए रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में फरार चल रहे दसवें आरोपी वैभव कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस सनसनीखेज हत्याकांड के सभी 10 आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, वैभव कुमार हरियाणा के यमुनानगर का निवासी है और उसे देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। इससे पहले मामले में शामिल 9 आरोपियों को पुलिस पहले ही पकड़ चुकी थी, जबकि वैभव कुमार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।

पुलिस के अनुसार, वैभव कुमार हरियाणा के यमुनानगर का निवासी है और उसे देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। इससे पहले मामले में शामिल 9 आरोपियों को पुलिस पहले ही पकड़ चुकी थी, जबकि वैभव कुमार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
घटना की शुरुआत कुठालगेट के पास स्थित जेन-जी रेस्टोरेंट में हुई, जहां कुछ युवकों ने खाना-पीना किया। इस दौरान करीब 40 हजार रुपये का बिल बनने पर रेस्टोरेंट स्टाफ और ग्राहकों के बीच विवाद हो गया। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन आरोपियों ने स्टाफ को धमकी दी थी।
अगले दिन यानी 30 मार्च की सुबह दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद रेस्टोरेंट स्टाफ फार्च्यूनर कार में वहां से निकलने लगा, जबकि दूसरे पक्ष के लोग काली स्कॉर्पियो में उनका पीछा करने लगे। जोहड़ी गांव की सड़क पर पहुंचते ही स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने फार्च्यूनर पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को एक गोली लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह करीब 6:30 बजे हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों की तलाश शुरू की और एक-एक कर सभी को गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मामले में नामजद सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें हत्या सहित गंभीर धाराओं में रिमांड पर लिया गया है।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस इस मामले में मजबूत पैरवी कर आरोपियों को सख्त सजा दिलाने का हर संभव प्रयास करेगी।