Uncategorizedउत्तराखंडहरिद्वार

हरिद्वार से नेपाल जा रही मैत्री बस अनियंत्रित होकर खेत में पलटी, 6 यात्री घायल.

GADARPUR: हरिद्वार से नेपाल जा रही भारत-नेपाल मैत्री सेवा की एक बस बुधवार तड़के ऊधमसिंह नगर के गोपाल नगर बाईपास पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 65 यात्री सवार थे। दुर्घटना में एक माह की मासूम बच्ची सहित छह लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 2 बजे गदरपुर के नजदीक गोपाल नगर तिराहे के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाली खेत में जा पलटी। बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में चालक दल के तीन सदस्यों सहित नेपाल के डांग जिले के 65 यात्री सवार थे।

सूचना मिलते ही पुलिस की 112 और एंबुलेंस 108 सेवा मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। दुर्घटना में एक माह की मासूम बच्ची नव्या सहित कुल नौ लोग घायल बताए गए, जिनमें से छह को गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों, जया भूटा (40 वर्ष) निवासी काठमांडू और धनश्री नेपाल (36 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रुद्रपुर रेफर किया गया है।

गदरपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के मुताबिक सूचना मिलते ही पुलिस की 112 सेवा और एंबुलेंस 108 तत्काल मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सक्रिय सहयोग किया।. बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!