
देहरादून: शहर में रसोई गैस की किल्लत के बीच एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण और रिफिलिंग करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से 32 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए हैं।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में एलपीजी की कालाबाजारी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) और पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान के दौरान यह कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान निरंजनपुर सब्जी मंडी क्षेत्र में स्थित एक बंद पड़े पेट्रोल पंप के कमरे में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही थी। टीम ने शनिवार देर रात मौके पर दबिश दी, जहां से 27 घरेलू, 4 छोटे और 1 व्यावसायिक सिलेंडर बरामद किए गए।
इसके अलावा, मौके से एक वाहन भी कब्जे में लिया गया, जिसमें बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर लदे हुए थे। हालांकि, वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वाहन स्वामी से संपर्क करने पर पता चला कि वह लोनी बॉटलिंग गैस प्लांट से करीब 360 सिलेंडर लेकर निकला था।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि इन सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग कर उन्हें ऊंचे दामों पर बाजार में बेचने की योजना थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी भूपेंद्र मंडल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जिले में गैस की कालाबाजारी और अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी।