उत्तराखंड

बद्रीनाथ मास्टर प्लान की मुख्यमंत्री धामी ने की मौके पर समीक्षा

ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर विकास कार्यों का लिया जायजा, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण काम के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बद्रीनाथ धाम पहुंचकर मास्टर प्लान के तहत चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों के साथ विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति को देखा और काम की गुणवत्ता तथा गति को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि आस्था और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा एक महत्वपूर्ण अभियान है, इसलिए इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य जिलाधिकारी की निगरानी में तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं।


निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बीआरओ बाईपास रोड, लूप रोड, लेक, आईएसबीटी, सिविक एमिनिटी भवन, टीआईसीसी और अराइवल प्लाजा जैसी पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने इन सुविधाओं को जल्द से जल्द जनता और तीर्थयात्रियों को समर्पित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इन सभी परियोजनाओं के संचालन और रखरखाव के लिए मजबूत कार्ययोजना बनाई जाए, ताकि सुविधाएं लंबे समय तक बेहतर स्थिति में बनी रहें।
मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा कि बद्रीनाथ धाम में विकास कार्यों का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त अनुभव देना है। साथ ही उन्होंने पर्यावरण संतुलन और स्थानीय पारिस्थितिकी के संरक्षण को हर काम में प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!