शादी की खुशियों के बीच हादसा, सरयू में डूबने से 10 साल की बच्ची की मौत
चंपावत में सरयू नदी में नहाते समय हुआ हादसा, खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदला

उत्तराखंड के चंपावत जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां मामा की शादी में शामिल होने आई 10 साल की मासूम भावना की सरयू नदी में डूबने से मौत हो गई. इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में गहरा शोक है.
पिथौरागढ़ जिले के सिंतोली गांव की रहने वाली भावना अपनी मां के साथ ननिहाल, पंचेश्वर क्षेत्र के नेत्रसलान गांव आई थी. शादी का माहौल था, घर में खुशियां थीं. बुधवार को भावना ने अपनी छोटी बहन के साथ शादी में जमकर नाच-गाना किया था.
लेकिन अगले ही दिन गुरुवार सुबह यह खुशी मातम में बदल गई. भावना अपनी मां और परिवार के अन्य लोगों के साथ सरयू नदी में नहाने गई थी. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई. देखते ही देखते वह डूब गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई.
परिजनों ने काफी कोशिशों के बाद उसे नदी से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बताया गया कि बच्ची की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी.
इस घटना के बाद जहां शादी का घर था, वहीं अब सन्नाटा पसरा है. मां की हालत सदमे में है और पूरा परिवार इस दुखद घटना से उबर नहीं पा रहा है.