विकासनगर-त्यूणी मार्ग पर दर्दनाक हादसा, खाई में गिरा ट्रक—चालक की मौत
हटाल मोटर मार्ग पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में समाया वाहन, SDRF और त्यूणी पुलिस ने रेस्क्यू कर शुरू की कार्रवाई

देहरादून जिले में सड़क हादसे लगातार चिंता बढ़ा रहे हैं। विकासनगर-त्यूणी हटाल मोटर मार्ग पर फिडिज पुल के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां फाइबर ईंटों से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और त्यूणी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्गम पहाड़ी रास्ते और खड़ी ढलान के बीच रेस्क्यू अभियान चलाना आसान नहीं था। टीम को काफी मशक्कत के बाद चालक के शव को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाना पड़ा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, ट्रक विकासनगर से मोरी की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हो गया। मृतक की पहचान विपिन सिंह (30 वर्ष), निवासी भद्रासु (मोरी, उत्तरकाशी) के रूप में हुई है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।
इस हादसे के बाद एक बार फिर पहाड़ी सड़कों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। आए दिन हो रहे ऐसे हादसे कई परिवारों की खुशियां छीन रहे हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में सहसपुर क्षेत्र के हर्बटपुर और धर्मावाला के बीच भी एक बड़ा सड़क हादसा हुआ था, जहां बोलेरो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक महिला शिक्षिका की जान चली गई थी, जबकि एक अन्य शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।