Uncategorized

उत्तराखंड में नाबालिग से गैंगरेप का आरोप, कमरे में बंधी मिली पीड़िता, BJP नेता समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

चंपावत में नाबालिग लड़की से गैंगरेप के आरोप में बीजेपी नेता समेत तीन युवकों पर केस दर्ज किया गया है, जांच शुरू

उत्तराखंड के चंपावत में नाबालिग लड़की से तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पिता की तहरीर पर बीजेपी के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष समेत आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना के सामने आने के बाद लोगों में आरोपियों के खिलाफ आक्रोश देखा जा रहा है. मामले की जांच एसआई प्रियंका मौर्या को सौंपी गई है. आरोपी बीजेपी नेता पूर्व प्रधान भी रह चुका है. पुलिस आरोपियों के गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है.

घटना के मुताबिक, चंपावत जिले के एक क्षेत्र में हथियारों के बल पर 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया. आरोप क्षेत्र के ही तीन युवकों पर लगा है. पीड़िता के पिता ने चंपावत कोतवाली में तीनों के खिलाफ तहरीर दी है. तहरीर में पिता ने बताया कि, वह एक बीमार व्यक्ति हैं. 5 मई को वह अपनी बेटी के साथ इलाज करवाने हेतु चंपावत आए थे. इलाज के बाद वे वापस गांव लौट आए, लेकिन बेटी अपनी सहेली की विवाह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चंपावत में ही रुक गई.

पिता की शिकायत के मुताबिक, देर शाम तक बेटी घर वापस नहीं लौटी तो फोन कर बेटी से उसकी कुशलक्षेम जाननी चाही. इस पर बेटी ने बताया कि लगभग दोपहर 2:30 बजे एक युवक उसे शादी में एक गांव ले गया है, जो उससे पिछले कुछ समय से बात करता था. इसके बाद जब देर रात तक भी बेटी घर वापस नहीं लौटी तो बेटी को कॉल किया गया, लेकिन बेटी का फोन नहीं लगा. इसके बाद देर रात करीब 1:28 बजे बेटी ने उन्हें कॉल किया. लेकिन कोई बात नहीं हो पाई और इसके तुरंत बाद बेटी का फोन स्विच ऑफ हो गया.पिता ने मामले की जानकारी पुलिस को देते हुए स्थानीय लोगों के साथ बेटी की खोजबीन शुरू की. इस दौरान सुबह 4 बजे नाबालिग बेटी एक गांव के एक कमरे में बंधी हुई मिली. पूछताछ में बेटी ने बताया तीन युवकों द्वारा उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी.पिता ने तहरीर में बताया कि, बेटी ने बताया कि तीनों युवकों ने चाकू और बसुला के दम पर शारीरिक संबंध बनाए. तीनों आरोपियों ने नाबालिग को रस्सी से बांधकर कमरे में ताला लगाकर बंद कर दिया और मौके से फरार हो गए. तहरीर में नाबालिग के पिता ने तीन लोगों पर उनकी बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं और पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस ने बीजेपी के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष समेत आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग चंपावत पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. मामला पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का विषय बना हुआ है. लोगों में उक्त शर्मशार करने वाली घटना पर गहरी नाराजगी देखी जा रही है. उक्त मामले में चंपावत पुलिस जांच में जुट गई है.एसपी चंपावत रेखा यादव ने बताया ने बताया कि, पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल कराया. मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी. मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल मामले में नामजद तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!