Uttrakhandदेहरादून

उत्तरांचल पावर इंजीनियर्स एसोसिएशन ने प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन, सेवा विस्तार और लंबित डीपीसी पर उठाए सवाल

पदोन्नति में देरी पर अभियंता संघ का अल्टीमेटम, 22 जून से चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी

देहरादून। उत्तरांचल पावर इंजीनियर्स एसोसिएशन ने उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर 22 जून 2026 से चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। एसोसिएशन का आरोप है कि लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को जानबूझकर रोका जा रहा है, जिससे अभियंताओं में भारी नाराजगी है।

एसोसिएशन के अनुसार 26 जुलाई 2025 को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक पूरी होने के बावजूद मुख्य अभियंता स्तर-1, मुख्य अभियंता स्तर-2 तथा अधीक्षण अभियंता के कुल पांच पदों पर अब तक पदोन्नति आदेश जारी नहीं किए गए हैं। संगठन का कहना है कि 9 जून 2026 को ऊर्जा निगम मुख्यालय में प्रबंधन के साथ हुई द्विपक्षीय वार्ता में प्रभारी निदेशक परिचालन द्वारा 15 जून तक संबंधित प्रकरण की अंतिम रिपोर्ट प्रबंध निदेशक को सौंपने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय तक रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई।

एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता स्तर-1 एवं सेवा विस्तारित प्रभारी निदेशक परिचालन द्वारा पदोन्नति प्रक्रिया को अनावश्यक रूप से लंबित रखा जा रहा है। संगठन ने मांग की है कि 30 जून 2026 के बाद उक्त अधिकारी को प्रभारी निदेशक परिचालन पद पर दोबारा सेवा विस्तार न दिया जाए।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों और अधिकारियों को सेवा विस्तार देने की परंपरा समाप्त की जानी चाहिए, क्योंकि इससे कनिष्ठ अधिकारियों की पदोन्नति और कैरियर प्रगति प्रभावित होती है। एसोसिएशन का कहना है कि रिक्त पदों के सापेक्ष तत्काल डीपीसी कर योग्य अधिकारियों को पदोन्नति प्रदान की जाए।

संगठन ने मांग की है कि सेवा विस्तार प्राप्त प्रभारी निदेशक परिचालन इं. मदन राम आर्य का कार्यकाल 30 जून को समाप्त होने के बाद रिक्त होने वाले पदों पर इं. मोहित जोशी को मुख्य अभियंता स्तर-1, इं. रवि कुमार रजौरा को मुख्य अभियंता स्तर-2 तथा इं. मुनीर आलम को अधीक्षण अभियंता पद पर पदोन्नत किया जाए।

आंदोलन की चेतावनी देते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष इं. कार्तिकेय दूबे, पूर्व अध्यक्ष इं. वाई.एस. तोमर, महासचिव इं. मुकेश कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष इं. अमित रंजन, उपाध्यक्ष इं. राहुल चानना सहित बड़ी संख्या में अभियंताओं ने तीनों ऊर्जा निगमों के अभियंता सदस्यों से आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो 22 जून से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!