नगर आयुक्त ने डम्पिंग यार्ड का निरीक्षण कर जताई नाराजगी
कचरे के वैज्ञानिक एवं प्रभावी निस्तारण के दिए दिशा निर्देश

देहरादून। नगर आयुक्त आलोककुमार पांडे नई जिम्मेदारी संभालते ही एक्शन मोड में नज़र आ रहे है। खासकर के शहर की सफाई व्यवस्था को ढर्रे पर लाने के लिए वे पहले दिन से ही समीक्षा बैठक और क्षेत्रों का निरीक्षण करते नजर आ रहे है। इस क्रम में अब गुरुवार को उन्होंने शीशमबाड़ा वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट के डंपिंग यार्ड में वर्षों से जमा कचरे के ढेर और कचरा निस्तारण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डंपिंग यार्ड में बड़ी मात्रा में पुराना कचरा जमा पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को इसके वैज्ञानिक एवं प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक कदम उठाने के दिशा निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने शंकरपुर स्थित गौशाला का भी निरीक्षण किया और इसे सुचारु रूप से चलाये जाने को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने डम्पिंग यार्ड के निरीक्षण के दौरान कहा कि यहां जमा पुराने कचरे को सही तरीके से हटाया जाए और कचरा प्रबंधन की प्रक्रिया को नियमित बनाया जाए। उन्होंने ताजा कचरे के जल्द ही निस्तारण तथा आरडीएफ कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित करने पर भी जोर दिया, ताकि प्लांट पर कचरे का अतिरिक्त दबाव न बने।

उन्होंने कूड़ा परिवहन में लगे वाहनों को पूरी तरह ढककर संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि परिवहन के दौरान कचरा सड़कों पर न फैले और शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो। साथ ही डी-कंपोजिशन प्रक्रिया में उपयोग की जा रही मशीनों की मरम्मत और सुचारू संचालन करने के भी निर्देश दिए
इसके पश्चात नगर आयुक्त ने शंकरपुर गौशाला का निरीक्षण किया और गोवंश के रखरखाव, चारे और पेयजल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त तनवीर सिंह और मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला भी मौजूद रहे।

