DehradunUttrakhand

बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी की कार्रवाई तेज, आरोपी के देहरादून आवास की तीन घंटे तक तलाशी

SIT को मिले कई अहम सुराग

देहरादून। बदरीनाथ धाम मंदिर के चर्चित चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल की पुलिस रिमांड मिलने के बाद टीम बुधवार को उसे साथ लेकर देहरादून पहुंची और उसके सरकारी आवास पर विस्तृत तलाशी अभियान चलाया।

करीब तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान एसआईटी ने आरोपी के बैंक खातों, जमीन-जायदाद और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच की। जांच अधिकारियों ने संपत्ति से जुड़े अभिलेखों को अपने कब्जे में लेकर उनका परीक्षण शुरू कर दिया है। साथ ही आरोपी के परिजनों से भी पूछताछ कर उसकी चल और अचल संपत्तियों, बैंक लेनदेन तथा आर्थिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी जुटाई गई।

बदरीनाथ धाम थाने के प्रभारी निरीक्षक महादेव उनियाल ने बताया कि प्रारंभिक तलाशी में कोई बड़ी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जांच के दायरे में लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बरामद अभिलेखों का विश्लेषण करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और मामले की जांच अभी जारी है।

इस बीच एसआईटी की पूछताछ के दौरान बदरीनाथ स्थित प्रमोद नौटियाल के सरकारी कमरे की तलाशी में कुछ महत्वपूर्ण वस्तुएं भी बरामद हुई हैं। इनमें चांदी के सिक्के, चांदी का नाग, चांदी की एक मूर्ति, नेपाली मुद्रा की 50-50 रुपये मूल्यवर्ग की दो गड्डियां तथा करीब पांच हजार रुपये की भारतीय नकदी शामिल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!