
देहरादून।नगर निगम देहरादून द्वारा शुक्रवार को सचिवालय परिसर में कर्मचारियों एवं अधिकारियों के बीच मौसमी सब्जियों के पौधों का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को पोषणयुक्त आहार, किचन गार्डन की अवधारणा तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने घरों, कार्यालयों तथा उपलब्ध खुले स्थानों पर सब्जियों एवं पौधों का रोपण कर हरित वातावरण बनाने का आह्वान किया गया। नगर निगम ने बताया कि किचन गार्डन न केवल परिवार को ताज़ी एवं पौष्टिक सब्जियाँ उपलब्ध कराता है, बल्कि जैव विविधता को बढ़ावा देने, जैविक अपशिष्ट के बेहतर उपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस अवसर पर नगर निगम देहरादून ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता और हरियाली को जनआंदोलन बनाएं तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।