DehradunUttrakhand

यंग उत्तराखंड सिने अवार्ड्स 2026 के नामांकनों की घोषणा, 30 अगस्त को भारत मंडपम में होगा भव्य समारोह

देहरादून, 8 अगस्त। उत्तराखंड के प्रतिष्ठित सांस्कृतिक एवं फिल्म सम्मान समारोह यंग उत्तराखंड सिने अवार्ड्स 2026 का आयोजन आगामी 30 अगस्त को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में किया जाएगा। समारोह को लेकर शनिवार को देहरादून में यंग उत्तराखंड संस्था की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

इस वर्ष यंग उत्तराखंड लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से उत्तराखंड के वयोवृद्ध अभिनेता विमल बहुगुणा को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, प्रसिद्ध लोकगायक एवं जागर सम्राट पद्मश्री प्रीतम भरतवाण को गोपाल बाबू गोस्वामी लिजेंड्री सिंगर अवार्ड प्रदान किया जाएगा।

सर्वश्रेष्ठ फिल्म को मिलेगी एक लाख रुपये की सहयोग राशि

इस वर्ष संस्था ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म के विजेता के लिए विशेष घोषणा भी की है। सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार जीतने वाले निर्माता को ट्रॉफी के साथ एक लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की जाएगी। यह राशि  मनोज चंदोला के मार्गदर्शन में संचालित सामाजिक संस्था ‘अभिव्यक्ति की कार्यशाला’ की ओर से दी जाएगी।

संस्था का कहना है कि यह पहल उत्तराखंड के क्षेत्रीय फिल्म निर्माताओं के लिए महत्वपूर्ण प्रोत्साहन साबित होगी। इससे क्षेत्रीय सिनेमा को आर्थिक सहयोग मिलने के साथ ही युवा और उभरते फिल्म निर्माताओं को बेहतर गुणवत्ता वाली फिल्मों के निर्माण के लिए प्रेरणा मिलेगी।सभी श्रेणियों के अंतिम विजेताओं की घोषणा 30 अगस्त को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भव्य समारोह में की जाएगी।

 

इस अवसर पर संस्था के मुख्य प्रवक्ता चंद्रकांत नेगी ने कहा कि यंग उत्तराखंड का उद्देश्य उत्तराखंड की क्षेत्रीय फिल्मों और संगीत जगत से जुड़े कलाकारों को उनकी प्रतिभा, समर्पण और वर्षों की मेहनत के लिए उचित सम्मान दिलाना है।

प्रेस वार्ता में संस्था के वरिष्ठ सदस्य विवेक पटवाल, के.सी.एस. रावत और सुभाष काण्डपाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!