देहरादून में दर्दनाक हादसा, मिक्सर ट्रैक्टर की चपेट में आई BTech छात्रा की मौत

क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र के चार खंभा चौक के पास रविवार रात सड़क हादसे में 18 वर्षीय बीटेक छात्रा की मौत हो गई। छात्रा अपनी बड़ी बहन के साथ पैदल कमरे की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए मिक्सर ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा ट्रैक्टर के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 8:45 बजे चार खंभा चौक के पास हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही क्लेमेनटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को एंबुलेंस की मदद से वेलमेड अस्पताल भेजा गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान वैष्णवी रावत के रूप में हुई है। पुलिस को मौके पर उसकी बड़ी बहन कृतिका रावत मिलीं। उन्होंने बताया कि वैष्णवी मूल रूप से पटेल नगर, शादीपुर मेट्रो स्टेशन के पास, दिल्ली की रहने वाली थी और देहरादून स्थित ग्राफिक एरा में बीटेक प्रथम वर्ष की छात्रा थी। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।