उत्तराखंड

यमुना के तेज बहाव में फंसा मजदूर, SDRF ने चट्टान से किया सुरक्षित रेस्क्यू

खरादी क्षेत्र में नहाते समय अचानक पैर फिसलने से बहने लगा था युवक, चट्टान पकड़कर बचाई जान

उत्तरकाशी जिले में भारी बारिश के बीच यमुना नदी का जलस्तर और बहाव लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। इसी बीच यमुनोत्री रोड के खरादी क्षेत्र में एक मजदूर नदी के तेज बहाव में फंस गया। गनीमत रही कि युवक ने समय रहते नदी के बीच एक चट्टान को पकड़ लिया और उस पर चढ़कर अपनी जान बचाई।

घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने बड़कोट पुलिस को दी। इसके बाद सब इंस्पेक्टर आशुतोष चौहान के नेतृत्व में SDRF की टीम जरूरी रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने देखा कि युवक तेज बहाव के बीच एक चट्टान पर फंसा हुआ है।

SDRF जवानों ने बिना देर किए रेस्क्यू अभियान शुरू किया और युवक को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान सुजीत यादव (निवासी पुरंदरपुर, थाना नौतन, जिला बेतिया, बिहार) के रूप में हुई है। वह उत्तराखंड में मजदूरी का काम करता है।

बताया गया कि सुजीत यमुना नदी में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव में बहने लगा। किसी तरह उसने नदी के बीच मौजूद एक चट्टान को पकड़ लिया और उसके ऊपर चढ़ गया। इसी दौरान स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी और उन्होंने तुरंत पुलिस-प्रशासन को सूचना दी।

समय रहते पहुंची SDRF टीम ने युवक को सकुशल बाहर निकालकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस घटना ने एक बार फिर बारिश के दौरान उफनती नदियों और नालों से दूरी बनाए रखने की जरूरत को सामने ला दिया है।

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित है। भूस्खलन से संपर्क मार्ग बाधित होने के साथ कई जगह मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग की चेतावनियों के बीच प्रशासन और राहत-बचाव टीमें अलर्ट पर हैं। ऐसे में लोगों से अपील की जा रही है कि वे उफनती नदियों और बरसाती नालों के पास जाने या उनमें उतरने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!