होमवर्क पूरा न करने पर छात्रा की बेंत से पिटाई का आरोप, पुभाऊं इंटर कॉलेज में मचा हंगामा
कक्षा छह की छात्रा के शरीर पर मिले चोट के निशान; परिजनों और ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की, शिक्षा विभाग ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया

-
लमगड़ा ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊं में कक्षा छह की एक छात्रा के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। छात्रा के परिजनों का आरोप है कि होमवर्क पूरा नहीं करने पर विद्यालय की अतिथि शिक्षिका ने उसे बेंत से पीटा। घर पहुंचने पर छात्रा के शरीर के पिछले हिस्से पर चोट के निशान दिखाई दिए, जिसके बाद परिजनों का गुस्सा भड़क उठा।
बताया जा रहा है कि छात्रा पिछले चार-पांच दिनों से दिया गया होमवर्क पूरा करके स्कूल नहीं ला रही थी। इसी बात को लेकर शिक्षिका ने पहले उसे डांटा। आरोप है कि इसके बाद शिक्षिका ने बेंत से छात्रा की पिटाई कर दी। घटना के बाद छात्रा काफी देर तक रोती रही। छुट्टी के बाद जब वह रोते हुए घर पहुंची तो परिजनों ने उसके शरीर पर चोट के निशान देखे।
मामले की जानकारी मिलने के बाद परिजन शिकायत लेकर विद्यालय पहुंचे। देखते ही देखते क्षेत्र के कुछ ग्रामीण भी वहां पहुंच गए और संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। लोगों ने छात्रा के साथ इस तरह की कथित मारपीट को गंभीर मामला बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मारकंडे शुक्ला ने बताया कि छात्रा कई दिनों से होमवर्क पूरा करके नहीं ला रही थी। इसी को लेकर शिक्षिका ने उसे डांटा और पिटाई कर दी। उन्होंने साफ कहा कि छात्रा को पीटना गलत है। परिजनों की शिकायत के बाद मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।
खंड शिक्षा अधिकारी लमगड़ा प्रेमा बिष्ट ने कहा कि उन्हें छात्रा की पिटाई की जानकारी विद्यालय बंद होने के बाद मिली। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अतिथि शिक्षिका के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। वहीं घटना को लेकर छात्रा के परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है।