
हरिद्वार: हरिद्वार में इन दिनों अजगरों की मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल है, लेकिन रविवार को सामने आए एक वीडियो ने लोगों को हैरान कर दिया। खड़खड़ी इलाके में एक युवक गले में अजगर लटकाकर सड़क पर घूमता दिखाई दिया। युवक को इस तरह अजगर के साथ देखकर आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोगों ने इसका वीडियो बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि वीडियो कहां का है, उसमें दिखाई दे रहे युवक की पहचान क्या है और अजगर उसके पास कैसे पहुंचा।
रेलवे फाटक के पास जुटी भीड़
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो हरिद्वार के खड़खड़ी रेलवे फाटक के आसपास का है। वीडियो में युवक गले में अजगर डाले हुए नजर आ रहा है। उसके आसपास बड़ी संख्या में लोग खड़े दिखाई दे रहे हैं और कुछ लोग मोबाइल से उसका वीडियो बना रहे हैं।
वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंचने के बाद वन विभाग तक भी मामला पहुंचा। हरिद्वार के डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध के मुताबिक, वायरल वीडियो की जानकारी विभाग को मिली है और टीम से इसकी जांच कराई जा रही है। वीडियो की लोकेशन और युवक की पहचान के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग ने दी लोगों को चेतावनी
वन विभाग का कहना है कि किसी भी जंगली जानवर या सांप को पकड़कर उसके साथ इस तरह की हरकत करना व्यक्ति के लिए भी खतरनाक हो सकता है। वन्यजीव मिलने पर लोगों को खुद उसे पकड़ने या उसके करीब जाने के बजाय वन विभाग को सूचना देनी चाहिए।
अजगर भले ही विषैला सांप नहीं है, लेकिन उसका आकार और ताकत इतनी होती है कि उसके साथ लापरवाही भारी पड़ सकती है। खासकर उसे गले में डालकर घूमना किसी अप्रत्याशित स्थिति को जन्म दे सकता है।
पोस्टमार्टम हाउस में पहुंचा 12 फीट लंबा अजगर
इसी बीच हरिद्वार में रविवार को एक और हैरान करने वाली घटना सामने आई। जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस के आसपास करीब 12 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
अजगर को देखकर तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई। टीम मौके पर पहुंची और काफी सावधानी से उसे रेस्क्यू कर लिया। बाद में अजगर को सुरक्षित प्राकृतिक क्षेत्र में छोड़ने की कार्रवाई की गई।
एक दिन पहले 16 फीट के अजगर का हुआ था रेस्क्यू
हरिद्वार में अजगर मिलने का यह अकेला मामला नहीं है। इससे एक दिन पहले निर्मल बाग कॉलोनी के पास करीब 16 फीट लंबा अजगर 40 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया था। वन विभाग की टीम ने करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा और रेस्क्यू किया।
मानसून के बाद हरिद्वार के कई इलाकों में सांप और अन्य वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ने से लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। वन विभाग भी लोगों से अपील कर रहा है कि वन्यजीव दिखाई देने पर भीड़ लगाने या उसके साथ फोटो-वीडियो बनाने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल विभाग को सूचना दें।
फिलहाल गले में अजगर डालकर घूमने वाले युवक का वीडियो वन विभाग की जांच के दायरे में है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक ने अजगर को कहां से पकड़ा था और उसके साथ इस तरह का व्यवहार क्यों किया गया।