देहरादून के मोहब्बेवाला भीषण सड़क हादसे में बड़ा एक्शन: NHAI और PWD अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
चार लोगों की मौत के बाद हरकत में आई पुलिस; सड़क पर गड्ढे, पर्याप्त संकेतक और रिफ्लेक्टर न होने को माना हादसे का कारण

देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहब्बेवाला में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सड़क किनारे गड्ढे, पर्याप्त संकेतक, रिफ्लेक्टर और चेतावनियों के अभाव जैसी सुरक्षा संबंधी बड़ी खामियों को इस हादसे का मुख्य कारण माना गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवनिर्मित राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-72ए (आशारोड़ी से आईएसबीटी मार्ग) पर मोहब्बेवाला के पास कार और एक ट्रॉले की भीषण टक्कर हो गई थी। इस हादसे में कार सवार एक ही परिवार के तीन सदस्यों (पति, पत्नी और मां) समेत कुल चार लोगों की जान चली गई, जबकि छह वर्षीय मासूम बच्चे को पुलिस ने सुरक्षित रेस्क्यू किया था।
पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में स्पष्ट किया गया है कि नए राजमार्ग पर तीखे मोड़ और ढलान के बावजूद कोई चेतावनी बोर्ड, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था या संकेतक नहीं लगाए गए थे। सड़क सुरक्षा में खामियों को लेकर पूर्व में भी शिकायतें दी गई थीं, लेकिन दोनों जिम्मेदार विभागों द्वारा इन्हें समय पर दुरुस्त नहीं किया गया। हादसे के बाद भी किसी प्रशासनिक या विभागीय अधिकारी के मौके पर न पहुंचने से लापरवाही उजागर हुई।
पटेल नगर कोतवाली में आईएसबीटी चौकी प्रभारी की तहरीर पर NHAI और PWD अधिकारियों के खिलाफ BNS की धारा 106(1), 125(ए), 125(बी) और 281 के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब मामले की गहराई से विवेचना कर रही है और पूर्व में मिली शिकायतों पर विभागीय उपेक्षा की भी जांच की जा रही है।