दिवाली से पहले उत्तराखंड के कर्मचारियों को बड़ा तोहफा: महंगाई भत्ता बढ़ाकर 63 प्रतिशत किया गया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डीए में 3 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव को दी मंजूरी; 1 जुलाई 2026 से लागू होगी बढ़ी हुई दर

देहरादून: दीपावली के पावन पर्व से ठीक पहले उत्तराखंड सरकार ने राज्य के लाखों कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य कर्मचारियों के हित में महंगाई भत्ते (डीए) में 3 प्रतिशत की वृद्धि करने वाले प्रस्ताव को अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस फैसले के बाद प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गया है। बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जुलाई 2026 से प्रभावी माना जाएगा।
केंद्र सरकार द्वारा सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के तहत कार्यरत अपने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि किए जाने के बाद, उत्तराखंड सरकार ने भी उसी तर्ज पर राज्य के पात्र कार्मिकों को समान लाभ देने का निर्णय लिया है।
राज्य सरकार के इस फैसले का सीधा लाभ न केवल सिविल कर्मचारियों को मिलेगा, बल्कि स्थानीय निकायों, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, राजकीय विश्वविद्यालयों, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों और यूजीसी वेतनमान के अंतर्गत कार्यरत सभी पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों को भी प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री द्वारा दी गई मंजूरी के अनुसार, 1 जुलाई 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक की 4 महीने की अवधि के बढ़े हुए महंगाई भत्ते के अंतर (एरियर) का भुगतान कर्मचारियों को नकद किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने हाल ही में मुख्यमंत्री सचिवालय से मुलाकात कर केंद्र के समान डीए बढ़ाने की मांग की थी, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रदेश सरकार ने दिवाली से पूर्व इस आदेश को पारित कर दिया है।