अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस पर देहरादून साइक्लिंग क्लब और NDA Defence Academy ने निकाली साइकिल रैली
शांति, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त युवा का दिया संदेश

अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस के अवसर पर आज देहरादून साइक्लिंग क्लब एवं NDA Defence Academy द्वारा देहरादून में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य युवाओं में शांति, स्वास्थ्य, आपसी भाईचारा, पर्यावरण संरक्षण तथा नशामुक्त समाज के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा।
साइकिल रैली का शुभारंभ सुबह 5 बजे बल्लूपुर चौक से हुआ। रैली प्रेमनगर, नंदा की चौकी, पौंधा होते हुए फॉरेस्ट क्षेत्र तक गई। इस दौरान साइकिल सवारों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा रखने तथा युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर NDA Defence Academy के निदेशक हरिसिमरन सिंह ने कहा कि साइकिलिंग NDA अभ्यर्थियों के लिए केवल शारीरिक फिटनेस की गतिविधि नहीं है, बल्कि यह उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग जैसी सामूहिक गतिविधियों से अभ्यर्थियों में टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता, अनुशासन और अपने समूह के प्रति जुड़ाव की भावना विकसित होती है। NDA की तैयारी के दौरान ऐसी गतिविधियों को शामिल करना जरूरी है, क्योंकि इससे अभ्यर्थियों में नेतृत्व के गुण विकसित करने में मदद मिलती है।

देहरादून साइक्लिंग क्लब के युवा नेता प्रणय पंत एवं एक्टिविटी इंचार्ज आर्यन ने कहा कि क्लब प्रत्येक सप्ताहांत साइकिल राइड का आयोजन करता है। इन राइड्स का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ना तथा ग्रीन और प्रदूषणमुक्त देहरादून के संदेश को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि NDA अभ्यर्थियों के साथ साइकिलिंग करना एक नया अनुभव रहा और इस दौरान सभी ने एक-दूसरे से बहुत कुछ सीखा। ऐसी राइड्स के माध्यम से साथी साइकिलिस्टों के बीच मित्रता और आपसी जुड़ाव भी मजबूत होता है।

उन्होंने देहरादून के युवाओं से अपील की कि यदि वे साइकिलिंग के माध्यम से स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाना चाहते हैं तो देहरादून साइक्लिंग क्लब से सोशल मीडिया के माध्यम से जुड़ सकते हैं। क्लब की सभी राइड्स में हेलमेट पहनना अनिवार्य है।
रैली में हरिसिमरन सिंह, प्रणय पंत, आर्यन, आदर्श रावत, मोहम्मद हारिस, चित्रांग, अमन, सुरिंदर, प्रांजल, अर्नब सहित अनेक साइकिलिस्ट एवं NDA अभ्यर्थी उपस्थित रहे।