Dehradun

महावीर चक्र से सम्मानित लेफ्टिनेंट कर्नल ईन्दर बाबा को पूर्व सैनिकों ने दी श्रद्धांजलि, शहीदों के बलिदान को किया याद

देहरादून। महावीर चक्र से अलंकृत लेफ्टिनेंट कर्नल ईन्दर बाबा की स्मृति में 15 अक्टूबर 2026 को 4/5 गोरखा राइफल्स (4/5 G.R.) के पूर्व सैनिकों ने ईन्दर बाबा मार्ग स्थित उनके स्मारक पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने देश की रक्षा और सैन्य अभियान के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को याद करते हुए उनके साहस, शौर्य और समर्पण को नमन किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में श्रीलंका में भारतीय शांति सेना के अभियान के दौरान 13 अक्टूबर 1987 को कोंडाविल में हुई भीषण मुठभेड़ का विशेष रूप से स्मरण किया गया। उपलब्ध विवरण के अनुसार, पैरा कमांडो और 13 सिख लाइट इन्फैंट्री के जवानों को सफलतापूर्वक बचाने के बाद पलाली बेस लौट रही बटालियन को कोंडाविल के घनी आबादी वाले क्षेत्र में लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (LTTE) के कड़े प्रतिरोध का सामना करना पड़ा था।

इस अभियान में बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल आईबीएस बावा सहित अधिकारियों और जवानों ने अदम्य साहस का परिचय दिया। भीषण संघर्ष के दौरान कई सैन्यकर्मी वीरगति को प्राप्त हुए, जबकि अनेक अधिकारी, जूनियर कमीशंड अधिकारी (JCO) और जवान घायल हुए। इस अभियान में कर्नल आईबीएस बावा को महावीर चक्र मरणोपरांत तथा मेजर एनजेडी सिंह को वीर चक्र मरणोपरांत प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में सूबेदार तुला राम, सूबेदार मान बहादुर, नायक टेक बहादुर सहित अन्य वीर जवानों के बलिदान को भी याद किया गया। पूर्व सैनिकों ने कहा कि इन वीरों का शौर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

इस अवसर पर सूबेदार राम सिंह राणा, सूबेदार मेजर शिवराज थापा, सूबेदार विनोद थापा, नायब सूबेदार एचबी राणा, नायब सूबेदार एसपी थापा, हवलदार राजेश गुरुंग, नायक एसबी थापा, नायक महेश गुरुंग, नायक पदम राणा और नायक दीपेश गुरुंग सहित अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करने और उनके सर्वोच्च बलिदान को सदैव स्मरण रखने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!