राजपुर रोड स्थित नगर निगम की 96 बीघा भूमि पर विकसित होगा भव्य इको-फ्रेंडली पार्क, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने किया स्थलीय निरीक्षण

देहरादून: देहरादून शहर को और अधिक स्वच्छ, सुंदर, हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में नगर निगम देहरादून द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। राजपुर रोड स्थित नगर निगम की लगभग 96 बीघा भूमि पर इको-फ्रेंडली पार्क विकसित किए जाने की योजना तैयार की जा रही है। इसी क्रम में नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने प्रस्तावित पार्क स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने भूमि की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध क्षेत्रफल, प्राकृतिक स्वरूप, हरियाली एवं पार्क निर्माण की संभावनाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रस्तावित भूमि का सुनियोजित एवं जनहित में बेहतर उपयोग सुनिश्चित करते हुए यहां एक व्यवस्थित इको-फ्रेंडली पार्क विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता से की जाए।
नगर आयुक्त ने पार्क निर्माण की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के लिए अधिशासी अभियंता को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि DPR में पार्क की समग्र रूपरेखा, प्रस्तावित निर्माण कार्यों, विकास संबंधी आवश्यकताओं, अनुमानित लागत तथा चरणबद्ध कार्ययोजना का समुचित विवरण शामिल किया जाए, ताकि परियोजना को नियोजित तरीके से धरातल पर उतारा जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि पार्क का डिजाइन पर्यावरण अनुकूल एवं नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जाए। इसमें प्राकृतिक हरियाली एवं स्थानीय प्रजातियों के पौधों के संरक्षण और रोपण को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही पैदल भ्रमण पथ (वॉकिंग ट्रैक), बैठने के लिए बेंच, छायादार स्थान, आकर्षक लैंडस्केपिंग, हरित क्षेत्र तथा नागरिकों के लिए आवश्यक जनसुविधाओं को भी प्रस्तावित योजना में शामिल किया जाए।
नगर आयुक्त ने भूमि की साफ-सफाई, झाड़ियों एवं अनावश्यक वनस्पति के उचित प्रबंधन तथा स्थल को व्यवस्थित किए जाने के लिए भूमि अनुभाग एवं संबंधित स्वच्छता अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ-साथ भूमि की प्रारंभिक सफाई एवं रखरखाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। भूमि पर किसी प्रकार का कूड़ा-कचरा एकत्रित न होने दिया जाए तथा नियमित साफ-सफाई की निगरानी की जाए।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित पार्क का विकास केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित न रहकर पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास की अवधारणा पर आधारित होना चाहिए। इसके अंतर्गत वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग), जल संरक्षण, स्थानीय प्रजातियों के पौधों का रोपण, प्राकृतिक हरित क्षेत्र का संरक्षण तथा पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाओं को विशेष महत्व दिया जाए।
उन्होंने कहा कि पार्क में ऐसे प्रावधान किए जाएं, जिससे नागरिकों को प्राकृतिक वातावरण में सुबह-शाम भ्रमण, योग, ध्यान एवं परिवार के साथ समय बिताने के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हो सके। पार्क को इस प्रकार विकसित करने की योजना बनाई जाए कि बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य आयु वर्ग के लोगों को भी इसका लाभ मिल सके।
नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि देहरादून की प्राकृतिक पहचान एवं पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। राजपुर रोड स्थित लगभग 96 बीघा भूमि पर इको-फ्रेंडली पार्क का विकास शहर में हरित क्षेत्र को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। इससे नागरिकों को स्वच्छ, शांत एवं प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने का अवसर मिलेगा तथा शहर की पर्यावरणीय गुणवत्ता को बेहतर बनाने में भी सहायता मिलेगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि DPR तैयार करने, भूमि की साफ-सफाई एवं अन्य प्रारंभिक कार्यों में आपसी समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाए।