Uttrakhandपिथौरागढ़

पिथौरागढ़ में आज कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, धामी सरकार को घेरेगी पार्टी

पिथौरागढ़ मुख्यालय में बुधवार को कांग्रेस की रैली और कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होगा। कार्यक्रम को लेकर पार्टी ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सम्मेलन में कांग्रेस के कई बड़े नेता शामिल होंगे। इस दौरान बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और अंकिता भंडारी हत्याकांड समेत कई मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा जाएगा।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत के अनुसार कार्यक्रम में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक मयूख महर और हरीश धामी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और करण माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से संगठन को मजबूत करने में जुट गई है। कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन की मजबूती के साथ आगामी चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा होगी। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर चुनाव की तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश देंगी।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में पिछले 10 वर्षों के दौरान बेरोजगार युवाओं की समस्याएं, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, अंकिता भंडारी हत्याकांड, अग्निवीर योजना और व्यापारियों की परेशानियों जैसे मुद्दे लगातार सामने आए हैं। कांग्रेस इन सभी मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। इसके अलावा धामी सरकार के कार्यकाल में जमीनों की बिक्री का मामला भी सम्मेलन में उठाया जाएगा। पार्टी इन मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेगी।

हरीश धामी के साथ कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा भी उठेगा

सम्मेलन में धारचूला विधायक हरीश धामी के साथ स्थानीय स्तर पर कथित दुर्व्यवहार और मंच पर अपनी बात रखने का मौका नहीं दिए जाने का मामला भी उठ सकता है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष के अनुसार इस विषय को भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सामने रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!