20 साल की सजा पलटी, दुष्कर्म मामले में आरोपी को हाईकोर्ट ने किया बरी

उत्तराखंड हाईकोर्ट ने दुष्कर्म के एक मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए निचली अदालत के आदेश को रद्द कर दिया है। कोर्ट ने 20 साल की सजा पाए आरोपी दिनेश चौड़ाकोटी को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया।
मामला अगस्त 2021 में चंपावत के टनकपुर रोडवेज बस अड्डे का है, जहां मानसिक रूप से कमजोर महिला के साथ कथित दुष्कर्म का आरोप लगा था। इस मामले में सत्र न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए 20 साल के कठोर कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी।
हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने सुनवाई के दौरान पाया कि एफएसएल और मेडिकल रिपोर्ट आरोपी को अपराध से नहीं जोड़ती हैं। वहीं, गवाहों की ओर से करीब एक साल बाद की गई पहचान को भी भरोसेमंद नहीं माना गया। कोर्ट ने यह भी कहा कि आरोपी की शिनाख्त परेड नहीं कराई गई और वायरल वीडियो के आधार पर दोषी ठहराने की प्रक्रिया भी उचित नहीं थी।
इन्हीं कमियों को देखते हुए हाईकोर्ट ने निचली अदालत का फैसला निरस्त कर आरोपी को बरी कर दिया।