केदारनाथ क्षेत्र में तोड़फोड़, सरकारी संपति को नुकसान, दर्ज हुआ मुकदमा, रीलबाजों पर भी सख्ती
केदारनाथ धाम क्षेत्र में स्थापित सार्वजनिक शौचालयों और जल सुविधाओं के साथ तोड़फोड़ की शिकायत दर्ज कराई गई है.

केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाए रखने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस ने सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं और भड़काऊ रील्स प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है. इसी क्रम में कोतवाली सोनप्रयाग में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं.
सोनप्रयाग कोतवाली में मुकदमे दर्ज:
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल की निगरानी के दौरान ऐसे कई वीडियो और रील्स सामने आए, जिनमें केदारनाथ यात्रा एवं दर्शन व्यवस्थाओं को लेकर तथ्यहीन, भ्रामक और भड़काऊ जानकारियां प्रसारित की जा रही थीं. इन पोस्टों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भ्रमित करने और यात्रा की छवि को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा था. मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोनप्रयाग कोतवाली में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं. संबंधित प्रकरणों में विधिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है. आरोपियों की पहचान एवं अन्य तथ्यों की जांच जारी है.
केदारनाथ यात्रा 2026 के दौरान जहां एक ओर प्रशासन तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है, वहीं दूसरी ओर कुछ अराजक तत्व सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुलभ इंटरनेशनल के सुपरवाइजर मिंटू पाठक ने कोतवाली सोनप्रयाग में एक लिखित तहरीर दी गई है. जिसमें केदारनाथ धाम क्षेत्र में स्थापित सार्वजनिक शौचालयों और जल सुविधाओं के साथ तोड़फोड़ की शिकायत दर्ज कराई गई है. तहरीर में बताया गया है कि सेक्टर केदारनाथ, हेलीपैड क्षेत्र और घोड़ा पड़ाव के अंतर्गत आने वाले सार्वजनिक शौचालयों को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा क्षतिग्रस्त किया गया है.