Uncategorized

तुंगनाथ धाम में श्रद्धालु ने घोड़ा-खच्चर संचालक से की मारपीट

तुंगनाथ यात्रा मार्ग पर किसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान तीर्थयात्री ने स्थानीय घोड़ा-खच्चर संचालक को बुरी तरह पीटा है.

विश्व प्रसिद्ध तुंगनाथ धाम यात्रा मार्ग पर एक तीर्थयात्री द्वारा स्थानीय घोड़ा-खच्चर संचालक के साथ कथित मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में संचालक के सिर पर गंभीर चोट लगने की सूचना है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, तुंगनाथ यात्रा मार्ग पर किसी बात को लेकर तीर्थयात्री और घोड़ा-खच्चर संचालक के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़कर मारपीट में बदल गई, जिसमें संचालक घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

इसी बीच चोपता क्षेत्र से कुछ पर्यटकों के हुड़दंग का वीडियो भी सामने आया है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है। उनका कहना है कि उत्तराखंड अपनी धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और अतिथि सत्कार की परंपरा के लिए जाना जाता है, ऐसे में यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति और धार्मिक स्थलों की गरिमा का सम्मान करना चाहिए।

सामाजिक कार्यकर्ता राजेश नेगी ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि चारधाम और अन्य धार्मिक यात्राओं के दौरान हिंसा, अभद्रता या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!