मुख्यमंत्री धामी ने ‘हनुमान अंश’ फिल्म देखकर बाबा नीब करौरी महाराज के संदेशों को बताया प्रेरणादायी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल पहुंचकर बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन और उनके आध्यात्मिक संदेशों पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। उनके साथ उनकी पत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय समाज की संत परंपरा ने हमेशा लोगों को सेवा, सद्भाव और करुणा की सीख दी है। बाबा नीब करौरी महाराज ने भी अपने जीवन के माध्यम से प्रेम और मानव सेवा को सर्वोच्च महत्व दिया। उनके विचार और संदेश वर्तमान समय में भी लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का आध्यात्मिक और धार्मिक इतिहास बेहद समृद्ध रहा है। राज्य की धरती अनेक संतों और आध्यात्मिक विभूतियों से जुड़ी रही है। बाबा नीब करौरी महाराज का कैंची धाम आज देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
उन्होंने कहा कि फिल्मों जैसे प्रभावशाली माध्यमों के जरिए संतों के जीवन और उनके विचारों को आम लोगों, विशेषकर युवा पीढ़ी तक पहुंचाया जा सकता है। ऐसी रचनात्मक प्रस्तुतियां भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से लोगों को जोड़ने का काम करती हैं।
मुख्यमंत्री ने फिल्म निर्माण से जुड़ी पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि सकारात्मक सोच, संस्कार, सेवा और मानवीय मूल्यों पर आधारित फिल्मों की समाज में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ में बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन से जुड़े भक्ति, सेवा, करुणा और लोककल्याण के संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है, जबकि शोभिनव सतैया समेत अन्य कलाकारों ने इसमें अहम भूमिकाएं निभाई हैं। यह फिल्म 7 अगस्त 2026 को हिंदी भाषा में देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज की गई थी।