वैदिक मंत्रोच्चार के बीच खुले बद्रीनाथ धाम के कपाट, गूंजा आस्था का स्वर
सुबह 6:15 बजे दर्शन शुरू, हजारों श्रद्धालुओं ने किए बद्री विशाल के दर्शन, सीएम धामी ने की पहली पूजा

चमोली में गुरुवार सुबह भगवान बद्रीनाथ धाम के कपाट विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। जैसे ही कपाट खुले, पूरा धाम भक्ति और आस्था के माहौल से भर गया। देश-विदेश से पहुंचे करीब 15 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान बद्री विशाल और अखंड ज्योति के दर्शन किए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली महाभिषेक पूजा कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने मंदिर परिसर में स्थित अन्य मंदिरों में भी पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।




मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से स्वच्छ और हरित यात्रा में सहयोग करने की अपील भी की।
कपाट खुलने के अवसर पर स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक जागरों और झुमैलो नृत्य से माहौल को और भी जीवंत बना दिया। वहीं श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन कर अपनी आस्था प्रकट की।
धाम में भंडारे का भी शुभारंभ हुआ, जहां मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया और व्यवस्थाओं की सराहना की। इस दौरान प्रशासन और मंदिर समिति के कई अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।