बैंक हड़ताल टली,आज से सामान्य रहेंगी बैंकिंग सेवाएं

नई दिल्ली: बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल टल गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बातचीत के बाद यूनियनों ने हड़ताल स्थगित करने का फैसला किया। ऐसे में सोमवार से देशभर के बैंक सामान्य रूप से काम करेंगे, जिससे ग्राहकों और कारोबारियों को राहत मिली है।
UFBU ने सोमवार से तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था। यूनियनों की प्रमुख मांगों में सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना शामिल है। इसके तहत शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश देने की मांग की जा रही है। इसके अलावा स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू की गई परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना को लेकर भी यूनियनों ने आपत्ति जताई है।
27 सितंबर की रात IBA के साथ हुई बैठक के बाद UFBU ने आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की। बैठक में पांच दिन के बैंकिंग वीक समेत लंबित मुद्दों पर आगे बातचीत जारी रखने पर सहमति बनी। PLI योजना को लेकर भी यूनियनों और बैंक अधिकारियों की आपत्तियों पर चर्चा करने तथा सरकार के सामने आवश्यक बदलाव का प्रस्ताव रखने की बात कही गई।
UFBU के अनुसार, 8 मार्च 2024 के समझौते में उठाए गए अन्य लंबित मुद्दों पर भी जल्द समाधान के लिए बातचीत जारी रहेगी। इसी को देखते हुए प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल को फिलहाल टाल दिया गया है।
यूनियनों का कहना है कि समझौते के कई मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं। उनका उद्देश्य ग्राहकों को परेशान करना नहीं, बल्कि अपनी मांगों और लंबित समझौतों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है।