
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी भगवान श्री केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह डोली के साथ पैदल मार्ग से चलकर गौरीकुंड से श्री केदारनाथ धाम पहुंचे उनके साथ बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण भी साथ रहे। केदारनाथ प्रस्थान से पूर्व बीकेटीसी अध्यक्ष ने गौरीकुंड स्थित गौरी माता मंदिर में विधिवत दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा केदारनाथ पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं बीकेटीसी कर्मचारियों अधिकारियों की बैठक में दिशा-निर्देश दिये।इससे पूर्व बीते सोमवार को बीकेटीसी अध्यक्ष ने यात्रा मार्ग पर स्थित विभिन्न विश्राम गृहों का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद उन्होंने श्रीनगर (गढ़वाल) स्थित मां धारी देवी मंदिर में भी दर्शन किए। इसके बाद आज वह गौरीकुंड पहुंचे थे और डोली यात्रा के साथ केदारनाथ धाम पहुंचे। पंचमुखी डोली बीते कल सोमवार को प्रथम पड़ाव फाटा से समारोह पूर्वक सेना के बैंडबाजों के साथ गौरीकुंड पहुंची आज अपराह्न को केदारनाथ धाम पहुंच गयी।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को प्रातः 8 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे कपाट खुलने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं मंदिर को 15 क्विंटल फूलों से सजाया जा रहा है। कपाट खुलने के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
कहा कि मंदिर समिति एवं जिला प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने इस अवसर पर केदारनाथ में यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए बताया कि यात्रा मार्ग पर विश्राम गृहों की स्थिति, ऑनलाइन पूजा बुकिंग प्रणाली तथा दर्शन व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया तथा यात्रा मार्ग पर तीर्थयात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्यायें सुनी।
कल 22 अप्रैल केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के पश्चात बीकेटीसी अध्यक्ष श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के कार्यक्रम में सम्मिलित होने हेतु बदरीनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेंगे। श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को प्रातः 6 बजकर 15 मिनट पर खोले जाएंगे।बड़ी संख्या में श्रद्धालु धामों के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं उल्लेखनीय है कि श्री यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम के कपाट बीते सोमवार रविवार 19 अप्रैल को खुल चुके है।
इस अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजन नैथानी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डीएस भुजवाण पुजारी टी गंगाधर लिंग,पंचमुखी डोली प्रभारी किशन त्रिवेदी, अखिलेश शुक्ला पंचगाई तथा रांसी के हकहकूकधारी तथा मंदिर समिति के अधिकारी कर्मचारी एवं श्रद्धालुजन मौजूद रहे।