गुरु पूर्णिमा पर एलेन की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित, सभी रक्तदाताओं को दिया सम्मान-पत्र

देहरादून। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर राजपुर रोड स्थित एलेन देहरादून में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन मान्या चैरिटेबल ब्लड सेंटर, देहरादून के सहयोग से किया गया। राजपुर रोड एवं क्यूबिक प्लाजा स्थित संस्थान के परिसरों में आयोजित इस शिविर में 50 से अधिक फैकल्टी सदस्यों और कर्मचारियों ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता का संदेश दिया। रक्तदान करने वाले सभी प्रतिभागियों को मान्या चैरिटेबल सोसायटी की ओर से प्रशस्ति प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए.


बुधवार को एलेन के राजपुर रोड स्थित सेंटर में आयोजित रक्तदान शिविर में सेंटर हेड विनय माकिन ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से समाज को ज्ञान देना एक महत्वपूर्ण सेवा है, लेकिन रक्तदान ऐसा महादान है जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम बनता है। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के उद्देश्य से इस रक्तदान अभियान का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि इस मौके पर रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को सम्मान पत्र भी दिए गए।