दिल्ली में 16 वर्षीय छात्रा से दरिंदगी, स्लीपर बस में 47 किलोमीटर तक सामूहिक दुष्कर्म; ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार

राजधानी दिल्ली में एक 16 वर्षीय छात्रा के साथ चलती स्लीपर बस में कथित सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि परी चौक से कश्मीरी गेट तक करीब 47 किलोमीटर के सफर के दौरान बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली और 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा परिजनों से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल गई थी। वह नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास जाने के लिए निकली थी।
बताया जा रहा है कि भारी बारिश और अंधेरे के कारण छात्रा रास्ता भटक गई और ग्रेटर नोएडा के परी चौक पहुंच गई। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक खाली स्लीपर बस को छात्रा ने रुकने का इशारा किया। बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे नोएडा सेक्टर-63 जाने की बात कहकर बस में बैठा लिया।

आरोप है कि बस चलने के कुछ समय बाद कंडक्टर ने छात्रा के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। पीड़िता के आरोप के अनुसार, इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
बताया गया कि आरोपी देर रात छात्रा को कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतारकर फरार हो गए। घटना 4 अगस्त की रात की बताई जा रही है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बस के ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।