
देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन को मजबूत बनाने और चुनावी रणनीति को धार देने के उद्देश्य से कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा 17 और 18 जून को दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंच रही हैं। इस दौरान वह पार्टी के जिला और महानगर अध्यक्षों, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों तथा वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठकें करेंगी।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने बताया कि कुमारी शैलजा 17 जून की सुबह दिल्ली से रवाना होकर करीब 9:50 बजे जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके बाद वह सीधे देहरादून पहुंचकर पार्टी नेताओं के साथ बैठक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11 बजे जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के साथ बैठक होगी, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। वहीं दोपहर 2 बजे विभिन्न अनुषांगिक संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
शाम करीब 4 बजे कुमारी शैलजा वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से वन-टू-वन मुलाकात कर राज्य के राजनीतिक हालात और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर फीडबैक लेंगी। दौरे के दौरान वह पार्टी की चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी दे सकती हैं।
18 जून को भी प्रदेश प्रभारी पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकें करेंगी। इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे वह जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।
गौरतलब है कि हाल ही में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी उत्तराखंड दौरे पर आए थे। हालांकि खराब मौसम के कारण उनका अल्मोड़ा कार्यक्रम प्रभावित हो गया था और उनके विमान की पंतनगर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। इसके बावजूद उन्होंने फोन के माध्यम से जनसभा को संबोधित कर कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया था।