


देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में भाजपा नेता विनोद कुमार की हत्या के बाद सहसपुर कोतवाली के बैरागीवाला गांव में सांप्रदायिक तनाव गहरा गया है। हिंसा, आगजनी और पथराव की घटनाओं के बाद 25 से अधिक मुस्लिम परिवार अपने घर छोड़कर रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं। गांव के मुस्लिम बहुल इलाकों में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग भय के माहौल में रह रहे हैं।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, लेकिन स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है। घटना के बाद गांव की मस्जिद पर भी ताला लगा हुआ है। भाजपा नेता की हत्या की खबर फैलते ही बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद समेत कई संगठनों के कार्यकर्ता गांव पहुंच गए, जिसके बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया।प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।