करंट लगने से खंभा लगा रहे पांच लोग झुलसे, एक की मौके पर मौत
बिजली लाइन की चपेट में आने से हुआ हादसा, चार घायलों का अस्पताल में उपचार जारी

देहरादून। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के ओम सिटी के निकट रविवार को बिजली का खंभा लगाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। आरडीएसएस योजना के तहत कार्यरत निजी कंपनी के पांच कर्मचारी उस समय करंट की चपेट में आ गए, जब खंभा पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से टकरा गया।हादसे के चलते खंभे में तेज करंट दौड़ गया, जिससे वहां काम कर रहे सभी कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। दुर्घटना में उत्तर प्रदेश के अमरोहा निवासी उमेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य कर्मचारी घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों में पप्पू और जसमान समेत चार कर्मचारी शामिल हैं।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी कर्मचारी एक ठेकेदार के माध्यम से निजी कंपनी के लिए कार्य कर रहे थे और आरडीएसएस योजना के अंतर्गत बिजली का खंभा लगाने का काम कर रहे थे। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक और घायल सभी श्रमिक अमरोहा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।