आज होगी धामी कैबिनेट की अहम बैठक, कई बड़े फैसलों की उम्मीद
स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, परिवहन, आपदा प्रबंधन और नियोजन विभाग के प्रस्तावों पर हो सकती है चर्चा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज उत्तराखंड मंत्रिमंडल की अहम बैठक सचिवालय में आयोजित होगी। जुलाई महीने की यह पहली कैबिनेट बैठक कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों के चलते खास मानी जा रही है।
बैठक में स्वास्थ्य, परिवहन, शिक्षा, ऊर्जा, खेल, लोक निर्माण, नियोजन और आपदा प्रबंधन समेत विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। कई अहम नीतिगत फैसलों को भी कैबिनेट की मंजूरी मिल सकती है।
प्रदेश में चारधाम यात्रा जारी है और मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में आपदा प्रबंधन से जुड़े मुद्दे भी बैठक के प्रमुख एजेंडे में शामिल रह सकते हैं। आपदा से निपटने की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा के साथ आवश्यक प्रस्तावों पर निर्णय लिए जाने की उम्मीद है।
इसके अलावा नियोजन विभाग द्वारा तैयार की गई नई नीतियों पर भी मंत्रिमंडल की मुहर लग सकती है। स्वास्थ्य विभाग के कई प्रस्तावों के साथ-साथ शिक्षा विभाग में शिक्षकों के तबादलों को अधिक पारदर्शी बनाने संबंधी प्रस्ताव पर भी फैसला संभव है।
कैबिनेट बैठक में राज्य की प्रस्तावित ईवी पॉलिसी पर भी चर्चा हो सकती है। इसके अलावा ऊर्जा, लोक निर्माण और अन्य विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी मिलने की संभावना जताई जा रही है। बैठक के फैसलों पर पूरे प्रदेश की नजर रहेगी।