DehradunUttrakhand

बीकेटीसी की दो एंबुलेंस और टेंपो ट्रैवलर तथा लैपटाप लापता होने की चर्चाओं पर विराम

बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी ने कहा- सीएमओ रुद्रप्रयाग को हस्तांतरित की गई एक एंबुलेंस, दूसरी वर्ष 2016 में हो चुकी है निष्प्रयोज्य; टेंपो ट्रैवलर देहरादून में मरम्मताधीन, लैपटाप का पूरा रिकॉर्ड है सुरक्षित

गोपेश्वर 10 जुलाई। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने मंदिर समिति की दो एंबुलेंस तथा एक टेंपो ट्रैवलर के लापता होने संबंधी लगाए जा रहे कयासों को निराधार बताते हुए कहा कि समिति के पास तीनों वाहनों तथा लैपटाप का स्पष्ट रिकॉर्ड उपलब्ध है।

मुख्य कार्याधिकारी ने बताया कि मंदिर समिति की एक एंबुलेंस को वर्ष 2022 में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, रुद्रप्रयाग को विधिवत हस्तांतरित किया गया था, जबकि दूसरी एंबुलेंस वर्ष 2016 में निष्प्रयोज्य घोषित हो चुकी है और उसका पूरा अभिलेख तथा विवरण समिति के पास सुरक्षित है।उन्होंने कहा कि टेंपो ट्रैवलर वाहन वर्तमान में श्री बदरीनाथ धाम से देहरादून मरम्मत के लिए लाया गया है तथा उसका किसी भी प्रकार का दुरुपयोग नहीं किया जा रहा है।

मुख्य कार्याधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि विभिन्न बैंकों द्वारा मंदिर समिति को उपलब्ध कराए गए लैपटॉप का भी पूरा रिकॉर्ड समिति के स्टाक बुक में दर्ज है। उन्होंने कहा कि किसी भी लैपटॉप के लापता होने की सूचना या तथ्य सही नहीं हैं और इस संबंध में प्रसारित की जा रही जानकारियां भ्रामक हैं।मुख्य कार्याधिकारी ने कहा कि मंदिर समिति अपने सभी संसाधनों और परिसंपत्तियों का विधिवत अभिलेखीकरण और निगरानी करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!