वीकेंड ट्रैफिक दबाव के बीच देहरादून पुलिस की बड़ी परीक्षा, जाम पर रहा कंट्रोल
देहरादून-मसूरी-ऋषिकेश रूट पर बढ़ा वाहनों का दबाव, डायवर्जन प्लान और अतिरिक्त पुलिस बल से सुचारु रहा यातायात

वीकेंड पर देहरादून, मसूरी, चकराता और ऋषिकेश की ओर पर्यटकों और यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ने के बावजूद देहरादून पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सफलता हासिल की। 9 और 10 मई के दौरान शहर में सामान्य दिनों की तुलना में वाहनों की संख्या में अप्रत्याशित बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन पुलिस की रणनीतिक तैयारी और सक्रिय ट्रैफिक मैनेजमेंट के चलते शहर के भीतर बड़े जाम की स्थिति नहीं बनी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के निर्देश पर वीकेंड ट्रैफिक मैनेजमेंट को प्राथमिकता देते हुए SP City और SP Traffic की निगरानी में विस्तृत रूट और डायवर्जन प्लान तैयार किया गया। यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए पूरे मार्ग को A, B और C प्लान में विभाजित किया गया। मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए किमाड़ी मार्ग का भी उपयोग कराया गया, जो ट्रैफिक दबाव कम करने में काफी प्रभावी साबित हुआ।
ट्रैफिक संचालन को बेहतर बनाने के लिए पूरे मार्ग को 4 सुपर जोन, 10 जोन और 19 सेक्टर में बांटा गया। सुपर जोन में CO रैंक, जोन में निरीक्षक रैंक और सेक्टर स्तर पर चौकी प्रभारियों को तैनात किया गया। इसके अलावा 27 मोबाइल टीमों को लगातार भ्रमणशील रखा गया, ताकि किसी भी स्थान पर ट्रैफिक बाधित होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
9 मई को देहरादून शहर में करीब 21 हजार छोटे वाहन, 5200 मोटरसाइकिल और 500 बस/टेम्पो ट्रैवलर पहुंचे, जबकि 10 मई को भी लगभग इतनी ही संख्या में वाहन शहर में आए। मसूरी की ओर जाने वाले वाहनों की संख्या भी हजारों में रही, जिससे पर्यटन रूट पर अतिरिक्त दबाव बना रहा।
पुलिस द्वारा रूट डायवर्जन, पार्किंग एवं होल्डिंग प्वाइंट, क्रेन तैनाती, नो-पार्किंग जोन में कार्रवाई और Google Map अपडेट जैसे कदम उठाए गए। सोशल मीडिया, एफएम और प्रिंट मीडिया के माध्यम से ट्रैफिक प्लान का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया गया ताकि यात्रियों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
हालांकि, सड़क किनारे अतिक्रमण, गड्ढे, रेहड़ी-ठेलियों की वजह से अवरोध और कुछ स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए बड़ी चुनौती बना रहा। देहरादून पुलिस ने इन समस्याओं को चिन्हित करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्राचार शुरू कर दिया है। पुलिस ने नागरिकों और पर्यटकों से यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की है।