ट्रेन से गायब प्रज्ञा बेगूसराय में मिली, गाजियाबाद आ रही नंदा देवी एक्सप्रेस से हुई थी लापता, सोता रह गया पति
केदारनाथ यात्रा से पति के साथ गाजियाबाद लौट रही प्रज्ञा सिंह संदिग्ध अवस्था में लापता हो गई.

केदारनाथ यात्रा से लौटते वक्त लापता हुआ प्रज्ञा सिंह पांच दिन बाद बिहार के बेगूसराय जिले से बरामद हो गई है. प्रज्ञा नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई थी. करीब 6 दिन तक उत्तराखंड पुलिस, रेलवे पुलिस और कई एजेंसियों के लिए पहेली बने इस मामले में बड़ा अपडेट आया है. पुलिस ने प्रज्ञा को बरामद कर परिजनों को सूचना दे दी है. हालांकि सवाल अब भी यही बना है कि आखिर किस परिस्थिति में प्रज्ञा सिंह बेगूसराय पहुंच गई. जबकि वह अपने पति के साथ देहरादून से नंदा देवी एक्सप्रेस से गाजियाबाद लौट रही थी.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रज्ञा सिंह बीते 5 मई की रात को अपने पति मनीष के साथ देहरादून से गाजियाबाद आ रही नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रही थी. पति ने बताया था वह अपनी पत्नी प्रज्ञा के साथ हरिद्वार तक बातचीत करते हुए आ रहे थे. फिर उनको नींद आ गई तो वह सो गए. लेकिन जब ट्रेन मुजफ्फनगर स्टेशन पर ट्रेन पहुंची तो उनकी आंख खुली. लेकिन प्रज्ञा अपनी सीट पर नहीं थी. पहले उन्हें लगा कि वॉशरूम गई होगी. लेकिन जब वह काफी देर तक नहीं लौटी तो ट्रेन में खोजबीन शुरू की. फिर मनीष ने वॉशरूम और अलग-अलग कोच में खोजबीन की. लेकिन कुछ खबर नहीं मिली. वहीं जब फोन मिलाया तो स्वीच ऑफ आ रहा था. इसके बाद रेलवे पुलिस को सूचना दी गई. फिर बाद में मामला रुड़की थाने को ट्रांसफर कर दिया गया. पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की थी.