उत्तराखंड

रामनगर में हाई टेंशन लाइन का तार टूटने से बड़ा हादसा, करंट लगने से मां-बेटा गंभीर रूप से झुलसे

छोई क्षेत्र में देर रात हुआ हादसा, दोनों को 60–70 फीसदी तक झुलसने के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया; स्थानीय लोगों ने बिजली लाइनों की जांच की मांग उठाई।

उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर के छोई क्षेत्र में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। हाई टेंशन बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर गिरने से एक महिला और उसका बेटा उसकी चपेट में आ गए। करंट लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा मोतीपुर छोई क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि बिजली का हाई टेंशन तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया। इसी दौरान वहां मौजूद करीब 40 वर्षीय महिला और उसका 18 वर्षीय बेटा करंट की चपेट में आ गए। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।

रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. तौहीद ने बताया कि अस्पताल लाए गए दोनों मरीज बिजली का करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस चुके थे। जांच में दोनों के शरीर पर लगभग 60 से 70 प्रतिशत तक जलने के निशान पाए गए। डॉक्टर के अनुसार, बेटे की हालत ज्यादा गंभीर थी, जबकि महिला की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई थी।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार और ड्रेसिंग के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में हाई टेंशन लाइनों और बिजली के तारों की तत्काल जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!