उत्तराखंड

रुद्रप्रयाग में बारिश बनी आफत, उफनाईं अलकनंदा-मंदाकिनी; भूस्खलन से सड़कें बंद, कई इलाकों में बढ़ा खतरा

अलकनंदा में पैदल पुल डूबा, केदारनाथ हाईवे कई जगह बाधित, अगस्त्यमुनि में कार पर गिरा बोल्डर; प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की।

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बीते कई घंटों से जारी बारिश के चलते अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां उफान पर हैं और कई इलाकों में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। प्रशासन ने जिले में सतर्कता बढ़ा दी है और लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।

रुद्रप्रयाग नगर में सबसे ज्यादा चिंता की स्थिति वाल्मीकि बस्ती और जिला चिकित्सालय को जोड़ने वाले पैदल पुल को लेकर है, जो अलकनंदा नदी के बढ़े जलस्तर के कारण पूरी तरह पानी में डूब गया। नदी का पानी तटीय इलाकों तक पहुंचने से कई परिवारों ने एहतियातन अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों का रुख किया है। वहीं, कई लोग पूरी रात भय के माहौल में जागकर बिताने को मजबूर रहे।

अलकनंदा और मंदाकिनी दोनों नदियों का तेज बहाव अपने साथ भारी मात्रा में मलबा, चट्टानें और पेड़ बहाकर ला रहा है। नदी किनारे रहने वाले लोगों में हालात और बिगड़ने की आशंका बनी हुई है।

लगातार बारिश के कारण केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। पहाड़ियों से लगातार मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर गिरने के कारण सड़क कई जगह बंद हो गई है। इसके चलते केदारनाथ यात्रा अस्थायी रूप से प्रभावित हुई है और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है।

विजयनगर क्षेत्र में पहाड़ी से विशाल बोल्डर गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही सेकंड का अंतर एक बड़े हादसे को टाल गया। लगातार बारिश के चलते पहाड़ों में दरारें बढ़ रही हैं, जिससे नए भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।

अगस्त्यमुनि क्षेत्र में भी बारिश का असर साफ दिखाई दे रहा है। कई आवासीय इलाकों और राष्ट्रीय राजमार्ग पर जलभराव की स्थिति बन गई है। इसी दौरान एक कार पर बड़ा बोल्डर गिर गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कार में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई।

जिले के कई संपर्क मार्ग और मुख्य सड़कें भूस्खलन की चपेट में हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की टीमें जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से रास्ते खोलने में जुटी हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण मलबा बार-बार आने से राहत कार्य प्रभावित हो रहा है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने लोगों से अपील की है कि वे बिना अत्यंत आवश्यक कारण घरों से बाहर न निकलें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा केवल प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

मौसम विभाग ने आने वाले घंटों में भी भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने, अफवाहों से बचने और सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!