उत्तराखंड

देहरादून में जमीन विवाद ने लिया फर्जीवाड़े का रूप

भाई पर एमडीडीए कर्मियों से मिलकर फर्जी नक्शा पास कराने की शिकायत

शहर में प्रॉपर्टी से जुड़े एक गंभीर फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपने ही भाई पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। राजपुर रोड निवासी प्रेम भूटानी का कहना है कि उनके भाई ने कथित तौर पर अपने सहयोगियों और एमडीडीए के कुछ कर्मचारियों के साथ मिलकर उनके प्लॉट का नक्शा गलत तरीके से पास कराया और उस पर निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, उन्हें इस पूरे मामले की जानकारी तब हुई जब वर्ष 2024 में उनके प्लॉट पर निर्माण शुरू हुआ। इसके बाद उन्होंने जानकारी जुटाई तो सामने आया कि नक्शा पास कराने के लिए उनके फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल किया गया।
प्रेम भूटानी ने बताया कि उन्होंने 24 अक्टूबर 2024 को एमडीडीए से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी मांगी। जांच में सामने आया कि उनके नाम से शपथ पत्र 3 जून और 8 अगस्त 2023 को जमा किए गए थे, जिन पर उनके कथित फर्जी हस्ताक्षर थे। साथ ही, शपथ पत्र के लिए इस्तेमाल स्टांप पेपर जुलाई 2023 में खरीदा गया था, जिसके आधार पर दस्तावेज तैयार किए गए।
एमडीडीए की आंतरिक जांच रिपोर्ट, जो 10 फरवरी 2025 को सामने आई, उसमें भी यह उल्लेख किया गया कि नक्शे से प्रेम भूटानी का नाम हटाकर उनके भाई ने अपने नाम से स्वीकृति प्राप्त कर ली। रिपोर्ट में हस्ताक्षरों को भी संदिग्ध बताया गया है।
मामले की शिकायत के बाद नगर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित के भाई, उसके सहयोगियों और एमडीडीए के अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी हरि ओम चौहान ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!